छेड़छाड़ के आरोपों पर आरोपी के पिता का पलटवार, बोले- बेटे को बेवजह फंसाया

पिता का दावा- विवाद किसी दूसरे युवक से था, चैट और वीडियो सामने आने के बाद रंजिश में हमारे बेटे का नाम जोड़ा गया

अंबेडकरनगर। महरुआ थाना क्षेत्र में दो नाबालिग बहनों से छेड़छाड़ और धमकी के आरोपों को लेकर अब नया पक्ष सामने आया है। आरोपित युवक के पिता ने अपने बेटे को पूरी तरह निर्दोष बताते हुए कहा है कि उसका इस विवाद से कोई लेना-देना नहीं है। पिता के मुताबिक, असल विवाद किसी दूसरे युवक से जुड़ा है। उसी मामले को लेकर उनके बेटे को रंजिश में फंसाया जा रहा है।

आरोपी के पिता ने बातचीत में कहा कि मामले से जुड़ी चैटिंग और वीडियो में लड़की की दूसरे युवक से बातचीत होने की बात सामने आई थी। उनके अनुसार, यही बात उजागर होने के बाद विवाद ने दूसरा रूप ले लिया। पिता का दावा है कि इसके बाद उनके बेटे को मामले में घसीटते हुए उस पर गंभीर आरोप लगा दिए गए।

‘मामला हमारे बच्चे का नहीं, दूसरे युवक से जुड़ा था’

पिता का कहना है कि जिस युवक को लेकर विवाद था, मामला उसी से जुड़ा था। उनके बेटे का उससे कोई संबंध नहीं था। इसके बावजूद उसके खिलाफ छेड़छाड़ और धमकी जैसे आरोप लगा दिए गए।

उन्होंने कहा कि उनका बेटा निर्दोष है और परिवार के खिलाफ रंजिश के कारण उसे निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि पुलिस यदि मामले में सामने आए चैट और वीडियो की निष्पक्ष तरीके से जांच करे तो वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button