
महाराजपुर थाना क्षेत्र के महोली गांव में हुआ दर्दनाक हादसा
मोबाइल को लेकर हुई कहासुनी के बाद पति ने पत्नी को धक्का दिया
सिर दीवार से टकराने से गंभीर चोट, रातभर बहता रहा खून
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के महोली गांव में मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में 35 वर्षीय सोनी की मौत हो गई। मंगलवार शाम घर लौटे पति महेश प्रजापति और पत्नी के बीच मोबाइल पर बातचीत को लेकर कहासुनी हुई। गुस्से में महेश ने मोबाइल छीनने की कोशिश की और पत्नी को धक्का दे दिया।
धक्का लगने से सोनी का सिर दीवार से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला रातभर अपने कमरे में लेटी रही, उसके सिर से खून बहता रहा और दर्द से कराहती रही।
बुधवार सुबह हालत बिगड़ने पर महेश उसे सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही सोनी ने दम तोड़ दिया। कांशीराम अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।
सूचना पर एडीसीपी पूर्वी अंजलि विश्वकर्मा और एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी अहम सबूत जुटाए।
पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति महेश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







