नई दिल्ली। घरेलू सर्राफा बाजार में इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। निवेशकों की निचले स्तर पर खरीदारी बढ़ने से सोने की कीमत में 6,471 रुपये और चांदी में 17,317 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि दोनों की कीमतें अभी भी अपने ऑल टाइम हाई से नीचे बनी हुई हैं।
बाजार के आंकड़ों के अनुसार, 25 जून को 10 ग्राम सोने की कीमत करीब 1.40 लाख रुपये थी, जो इस सप्ताह बढ़कर 1.46 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। वहीं चांदी का भाव 2.17 लाख रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 2.34 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया।
विशेषज्ञों का मानना है कि सोना और चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर से नीचे आने के बाद निवेशकों ने निचले भाव पर खरीदारी शुरू की, जिससे दोनों की कीमतों में तेजी देखने को मिली।
देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमतों में अंतर कई कारणों से होता है। इसमें परिवहन और सुरक्षा लागत, स्थानीय मांग और आपूर्ति, ज्वेलरी एसोसिएशन द्वारा तय किए गए रेट तथा ज्वेलर्स के पुराने स्टॉक की खरीद कीमत प्रमुख कारण हैं।
साल 2026 की बात करें तो अब तक सोना 13,145 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो चुका है। 31 दिसंबर 2025 को इसकी कीमत 1.33 लाख रुपये थी, जो अब बढ़कर 1.46 लाख रुपये हो गई है। वहीं चांदी भी 3,438 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी होकर 2.30 लाख रुपये से बढ़कर 2.34 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।
गौरतलब है कि इस वर्ष 29 जनवरी को सोने ने 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी ने 3.86 लाख रुपये प्रति किलोग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था।









