
शिक्षकों को 5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा
12 लाख कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
सीएम फेलोशिप वालों को उम्र में छूट और बोनस अंक
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक में 29 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक का सबसे बड़ा फैसला प्रदेश के माध्यमिक, बेसिक, एडेड और सेल्फ फाइनेंस विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों से जुड़ा रहा। अब ये सभी कर्मचारी 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज करा सकेंगे। इस योजना से करीब 12 लाख कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि इस फैसले से बेसिक के 4 लाख से अधिक शिक्षक, एडेड और सेल्फ फाइनेंस संस्थानों के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की वार्डन, रसोइया और विशेष शिक्षक लाभान्वित होंगे। वहीं माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने बताया कि करीब 2.97 लाख माध्यमिक शिक्षकों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा। इस योजना पर सरकार को लगभग 420 करोड़ रुपये का वार्षिक व्यय आएगा।
कैबिनेट बैठक में मेरठ के मवाना गोसाईं क्षेत्र में 107 बांग्लादेशी विस्थापित हिंदू परिवारों को बसाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। सरकार की ओर से इनके पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना से जुड़े युवाओं को सरकारी नौकरियों में अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट देने का फैसला लिया गया है। फेलोशिप पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में बोनस अंक भी दिए जाएंगे। एक वर्ष की फेलोशिप पर 1.5 अंक, दो वर्ष पर 3 अंक और तीन वर्ष पर 4.5 अंक बोनस के रूप में मिलेंगे।









