
अंबेडकरनगर। जनपद में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार दोपहर 12:30 बजे 375 KWp क्षमतावाला रूफटॉप सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण जिला चिकित्सालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय तथा जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने संयुक्त रूप से इसे संचालन में लाने की औपचारिक घोषणा की।
यह स्थापना राज्य सरकार की उन प्राथमिक योजनाओं में शामिल है, जिनके तहत 25 KW से अधिक क्षमता वाले सरकारी भवनों पर सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं। यह कार्य यूपी नेडा द्वारा अधिकृत फर्मों के माध्यम से किया जाता है। जिला अस्पताल का यह प्लांट ऊर्जा बचत, आधुनिक तकनीक और पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सरकारी भवनों पर सोलर प्लांट लगाने की राज्य स्तरीय मुहिम
प्रदेश स्तर पर चल रही योजना के अनुसार 25 KW से 200 KW क्षमता वाले सोलर प्लांट के लिए चयनित वेन्डर 4.90 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध कराते हैं। वहीं, 200 KW से अधिक क्षमता वाले प्लांट पर लागत 4.85 रुपये प्रति यूनिट निर्धारित है।
इसी क्रम में अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में स्थापित 375 KWp प्लांट को 4.85 रुपये प्रति यूनिट की दर पर अनुबंधित फर्म द्वारा संचालित किया जाएगा। इस मॉडल के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को प्लांट की स्थापना पर कोई प्रत्यक्ष धनराशि नहीं देनी होती, केवल उपयोग के अनुसार भुगतान किया जाता है।








