
- हरदोई के हरदासपुर गांव की 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म
- आरोपी ने मुंह में पन्नी ठूंसकर गला दबाकर की हत्या
- शव को पुआल में छिपाकर नाले में फेंका गया
हरदोई। यूपी के हरदोई में घर के बाहर खेल रही 6 साल की बच्ची से 23 वर्षीय पड़ोसी युवक ने रेप कर दिया। बच्ची ने चिल्लाने की कोशिश की तो मुंह में पन्नी ठूंस दी। इसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर से 400 मीटर दूर नाले में फेंक दिया।
बच्ची के लापता होने की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीणों के शक के आधार पर आरोपी युवक को हिरासत में लिया। आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा। जब पुलिस ने उसकी कनपटी पर गन तान दी तो आरोपी ने अपना पूरा जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर शुक्रवार शाम पुलिस ने शव को नाले से बरामद किया, जिसे पुआल के नीचे दबाकर छिपाने की कोशिश की गई थी। वहीं शाम में क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए जब पुलिस आरोपी को घटना स्थल ले जा रही थी तो उसने पुलिस की पिस्टल छीनकर हमला कर दिया और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। आरोपी सचिन, बिहार के पटना का रहने वाला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







