
- लॉयर्स एसोसिएशन चुनाव में 74% मतदान पूरा
- 7765 में से 5755 अधिवक्ताओं ने डाले वोट
- एक घंटे की देरी से शुरू हुआ मतदान
कानपुर। लॉयर्स एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में मंगलवार को 74 फीसदी मतदान हुआ। कुल 7765 मतदाताओं में से 5755 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि 2010 अधिवक्ता वोट डालने नहीं पहुंचे। मतदान संपन्न होने के बाद अब प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं, जो बुधवार दोपहर 3 बजे से राम कुमार शुक्ला हॉल में होगी। मतगणना का कार्य भूतपूर्व सैनिकों की निगरानी में होगा।
एक घंटे की देरी से शुरू हुआ मतदान
चुनाव में अध्यक्ष, महामंत्री सहित 20 पदों के लिए 74 प्रत्याशी मैदान में थे। एल्डर्स कमेटी ने मतदान का समय सुबह 8 से शाम 5 बजे तक तय किया था, लेकिन तकनीकी कारणों से वोटिंग एक घंटे देरी से शुरू हुई। मतदान शाम करीब साढ़े पांच बजे तक जारी रहा।
सुबह रही भीड़, दोपहर में कम हुआ उत्साह
सुबह 9 बजे से ही मतदान केंद्र पर अधिवक्ताओं की भारी भीड़ रही। समर्थक वीआईपी रोड पर पंपलेट उड़ाते और नारेबाजी करते नजर आए। प्रत्याशी मतदाताओं को मनाने के लिए उनके पैर छूते और अपने पक्ष में वोट डालने की अपील करते दिखे।
सुबह 10 से 12 बजे तक वोटिंग में तेजी रही, लेकिन दोपहर में उमस बढ़ने से मतदान की रफ्तार धीमी पड़ गई। हालांकि, अंतिम घंटों में फिर भीड़ बढ़ गई।
कड़ी सुरक्षा, बिना सीओपी कार्ड एंट्री नहीं
मतदान केंद्र के बाहर सख्त सुरक्षा व्यवस्था रही। सीओपी कार्ड और क्यूआर कोड पर्ची के बिना किसी को एंट्री नहीं मिली। कई अधिवक्ता फोटो कॉपी लेकर पहुंचे, लेकिन उन्हें मतदान की अनुमति नहीं दी गई। वहीं, मोबाइल ले जाने पर भी रोक रही, जिसके कारण कुछ मतदाता परेशान नजर आए।
चलने-फिरने में असमर्थ मतदाताओं को प्रत्याशी अपने वाहनों से मतदान स्थल तक लाए।
कल खुलेगा बैलट बॉक्स
एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन रवि मोहन कटियार ने बताया कि बुधवार सुबह 11 बजे से बैलट बॉक्स खोले जाएंगे, और मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। अध्यक्ष और महामंत्री पद के विजेताओं की घोषणा शाम 7 बजे तक कर दी जाएगी।








