अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के करीबी रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 आरोपियों को गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस शुक्रवार को सभी आरोपियों को अदालत में पेश करेगी और 14 दिनों की न्यायिक रिमांड की मांग करेगी।
इस मामले में पहली एफआईआर गुरुवार शाम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर दर्ज की गई। हालांकि, एफआईआर में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के नाम शामिल नहीं किए गए हैं।
राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। एसआईटी ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद को सौंपी थी, जिसके बाद कार्रवाई तेज हुई।
मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। शिवसेना (उद्धव गुट) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर सवाल उठाते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे की ओर से राम मंदिर के लिए दिए गए एक करोड़ रुपये और चार किलो चांदी की ईंट की रसीद आज तक ट्रस्ट ने नहीं दी। उन्होंने पूछा कि आखिर वह चांदी की ईंट कहां गई और अब जवाबदेही तय होनी चाहिए।
वहीं, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को रामलला के दर्शन करने के बाद कहा कि जिन्होंने यह महापाप किया है, उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दर्ज की गई एफआईआर केवल दिखावे के लिए है और बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।









