
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हुसैनगंज इलाके में रविवार को एक बेहद दर्दनाक हादसे में 8 साल के मासूम की जान चली गई। फूलबाग स्थित शंकरपुरी कॉलोनी में खेलते समय क्रिकेट की गेंद ट्रांसफॉर्मर के पास चली गई। जब बच्चा बॉल उठाने गया, तो खुले गेट वाले ट्रांसफॉर्मर में चिपक गया और करंट की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद फहद के रूप में हुई है।
खेलते-खेलते दर्दनाक अंत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलोनी के बच्चे रोजाना की तरह कॉलोनी के पार्क में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान गेंद पास में लगे ट्रांसफॉर्मर के भीतर जा गिरी। ट्रांसफॉर्मर का गेट खुला हुआ था, जिस वजह से मासूम फहद उसे उठाने अंदर चला गया। जैसे ही उसने गेंद उठाने की कोशिश की, वह करंट की चपेट में आ गया और वहीं चिपक गया।
बच्चों ने मचाया शोर, लोग दौड़े मदद को
बच्चे को झटके खाते देख अन्य बच्चों ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे ट्रांसफॉर्मर से अलग किया। फहद के चाचा ने उसे तुरंत गोद में उठाया और पास खड़े ऑटो से हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ट्रांसफॉर्मर की हालत से पहले से थे लोग परेशान
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह ट्रांसफॉर्मर काफी समय से खराब हालत में जमीन पर लगा हुआ है और उसका गेट भी लंबे समय से खुला था। उन्होंने कई बार बिजली विभाग से इसकी मरम्मत की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के चलते एक मासूम की जान गई है।
पिता को वीडियो कॉल पर दिखाई बेटे की लाश
फहद के पिता सऊदी अरब में काम करते हैं। हादसे की सूचना उन्हें वीडियो कॉल के जरिए दी गई, जिसमें बेटे का चेहरा दिखाया गया। यह दृश्य बेहद भावुक करने वाला था। पिता और अन्य परिजन फोन पर ही फूट-फूटकर रोते नजर आए। परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, हालांकि पुलिस इस पर दबाव बना रही है।
बिजली विभाग का बयान
हुसैनगंज खंड के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार भारती ने बताया कि घटना 33/11 केवी विधानसभा उपकेंद्र के नजरबाग फीडर के अंतर्गत आने वाले 400 केवीए ट्रांसफॉर्मर पर हुई। उन्होंने कहा, “ट्रांसफॉर्मर के चारों ओर बैरिकेडिंग है, लेकिन बच्चा गेट खोलकर अंदर चला गया और फ्यूज यूनिट से करंट लगने से उसकी मौत हो गई।”
विधायक पहुंचे पीड़ित परिवार से मिलने
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक रविदास मल्होत्रा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।








