- सोशल मीडिया पर बयान हुआ वायरल, उठी कार्रवाई की मांग
- जस्सी ने कहा था- “दोहरा रवैया न अपनाएं, सब कुछ बैन करें या किसी को न टारगेट करें”
- अब पुलिस कार्रवाई की प्रतीक्षा
नई दिल्ली। मशहूर पंजाबी गायक जसबीर जस्सी के खिलाफ दिल्ली के संसद मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत उनके उस बयान को लेकर की गई है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर को दिलजीत दोसांझ की आगामी फिल्म ‘सरदार जी 3’ में कास्ट किए जाने का समर्थन किया था।
शहीदों का अपमान का आरोप
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले में भारतीय जवान शहीद हुए हैं, उस समय एक पाकिस्तानी अभिनेत्री को लेकर बनी फिल्म का प्रचार करना राष्ट्र भावना के खिलाफ है। जस्सी के बयान को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया जा रहा है और इसे शहीदों का अपमान भी करार दिया गया है।
इंटरव्यू में दिया था विवादित बयान
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में जसबीर जस्सी ने कहा था, “मैं देख रहा हूं कि सोशल मीडिया पर दिलजीत दोसांझ और उनकी फिल्म का विरोध हो रहा है, क्योंकि उसमें एक पाकिस्तानी कलाकार हैं। लेकिन 80% गाने जो हम सुनते हैं, वो पाकिस्तान से कॉपी किए गए हैं – धुन, बोल और यहां तक कि पूरे गाने। अगर विरोध करना है, तो पूरी तरह करें। सभी प्लेटफॉर्म्स से ऐसे गाने हटाएं।”
‘दोहरे मापदंड न अपनाएं’ – जस्सी
जस्सी ने आगे कहा था, “यह तो वैसा है जैसे कोई आपके घर मिठाई लेकर आए और आप उसे दुश्मन कहें लेकिन मिठाई खा जाएं। या तो सब कुछ बैन करें या फिर किसी एक को टारगेट न करें।” उनके इस बयान को सोशल मीडिया पर राष्ट्रविरोधी करार देते हुए जमकर आलोचना हो रही है।
पुलिस जांच के घेरे में जस्सी
शिकायत में जस्सी के बयान को शहीदों का अपमान बताया गया है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। अगर पुलिस कार्रवाई करती है, तो जस्सी की कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। फिलहाल जस्सी की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।








