
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने धर्मांतरण गैंग के मास्टरमाइंड जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा को समाज के लिए कलंक करार देते हुए कहा कि ऐसे लोग बहन-बेटियों को बहला-फुसलाकर समाज विरोधी गतिविधियों में धकेल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार ऐसे लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और नारी सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को सख्त सजा दी जाएगी।
डिप्टी सीएम ने यह बातें कुकरैल जंगल में आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान के दौरान कही। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में बहन-बेटियों की अस्मिता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह अपराधी साधु के भेष में ही क्यों न हो, उस पर बुलडोजर जरूर चलेगा।”
छांगुर बाबा के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
ब्रजेश पाठक ने बताया कि छांगुर बाबा के अवैध निर्माण पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाया गया, जो सरकार की महिला सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसे मामलों में बिल्कुल भी ढिलाई नहीं बरतेगी।
ढोंगी बाबाओं से सावधान रहने की अपील
डिप्टी सीएम ने जनता से अपील की कि वे धर्म की आड़ में चल रही धोखाधड़ी से सावधान रहें। उन्होंने कहा, “ऐसे ढोंगी बाबाओं से बचें जो धर्म का मुखौटा पहनकर निजी स्वार्थ साधते हैं। अगर किसी को ऐसी गतिविधियों की जानकारी हो तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।”
अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव तनाव और निराशा में हैं क्योंकि उत्तर प्रदेश की सकारात्मक छवि उन्हें हजम नहीं हो रही। उन्होंने कहा, “सपा सरकार ने दंगों, हत्या, लूट और बेईमानी का रिकॉर्ड बनाया था। अखिलेश यादव को अपने कार्यकाल की अखबारों की कटिंग और वो वीडियो देखने चाहिए, जिनमें पुलिस अफसरों को सपाई गुंडे पीटते नजर आते थे।”
डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि योगी सरकार की प्राथमिकता प्रदेश को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाना है, और इसमें कोई भी बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








