- श्रावण मास के पहले सोमवार पर शिवभक्ति की उमंग
- शिवालयों में तड़के से लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें
- शिवबाबा धाम में उमड़ा भक्तों का सैलाब, मेले जैसा माहौल
अंबेडकरनगर। श्रावण मास की पहले सोमवार पर जनपद भर में शिवभक्ति का अद्वितीय उत्साह देखने को मिला। सुबह तड़के ही शिवालयों के द्वार खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। बोल बम, हर हर महादेव, ओम नम: शिवाय के उद्घोष से मंदिर प्रांगण गूंजते रहे।
सबसे ज्यादा भीड़ अकबरपुर नगर के पास स्थित प्रसिद्ध शिवबाबा धाम पर देखने को मिली, जहां हर सोमवार की तरह इस दिन भी मेले का माहौल रहा, लेकिन सावन का पहला सोमवार होने से भक्तों की संख्या कई गुना बढ़ गई। यहां पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से पूजन किया और मन्नत मांगी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस और होमगार्ड के जवान सुबह से ही तैनात रहे। श्रद्धालुओं ने मेले में लगी दुकानों पर जमकर खरीदारी की।
सिर्फ शहर नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिवालयों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। मालीपुर के झारखंडी महादेव मंदिर पर सुबह से ही लंबी कतारें लगना शुरू हो गईं। बड़ी संख्या में महिलाएं सरयू नदी से कांवड़ लगकर जलाभिषेक करने पहुंची। पूरा मंदिर परिसर हर हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान होता रहा। टांडा, भीटी, जमुनीपुर,कटेहरी, बसखारी, महरुआ, राजेसुल्तानपुर, आलापुर, जहांगीरगंज सहित कई क्षेत्रों में सुबह से शाम तक मंदिरों में लोगों की आवाजाही लगी रही। झारखंडी मंदिर, नागेश्वरनाथ, मुक्तेश्वरनाथ और हयातगंज शिवालय में भी श्रद्धालुओं ने श्रद्धा से पूजन किया।








