सीएम योगी ने आगरा में विकास कार्यों की समीक्षा की

  • आगरा मंडल विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में पहुंचे सीएम योगी
  • सड़कों की गड्ढामुक्ति और शहरी जलभराव दूर करने के निर्देश
  • पर्यटन, नगर विकास और धर्मार्थ विभाग की योजनाओं पर चर्चा

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पहुंचे। यहां से वे सीधे सर्किट हाउस पहुंचे और मंडलायुक्त कार्यालय में आगरा मंडल के चार जिलों — आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और मथुरा — के विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्रियों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों समेत तीन विभागों (लोक निर्माण, नगर विकास और पर्यटन) के प्रमुख सचिव भी उपस्थित रहे। हजारों करोड़ रुपये की विकास योजनाओं पर चर्चा हुई, जिन पर अंतिम मुहर आगे लगेगी।

सीएम ने विभागों को दिए अहम निर्देश

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण, पर्यटन, शहरी विकास और धर्मार्थ कार्य विभागों द्वारा संचालित प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि—

  • बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों का सर्वे अभी से कराया जाए और बारिश खत्म होते ही ‘गड्ढामुक्ति अभियान’ चलाया जाए।

  • शहरी जलभराव की समस्या को देखते हुए प्रभावी ड्रेनेज प्लान बनाया जाए।

  • सभी प्रमुख मंदिरों के संपर्क मार्ग दर्शनार्थियों की संख्या के अनुसार विकसित किए जाएं।

  • पुलों, फ्लाईओवर, बाईपास और इंटर-स्टेट कनेक्टिविटी परियोजनाओं को जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव के आधार पर प्राथमिकता दी जाए।

  • प्रस्तावित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से स्वीकृत कराकर उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

पर्यटन विभाग का प्रजेंटेशन

पर्यटन विभाग ने बताया कि आगरा मंडल में 590 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन विकास की 160 परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें से 92 पूर्ण हो चुकी हैं जबकि 68 प्रगतिशील हैं। सीएम ने कहा कि प्रमुख मंदिरों तक संपर्क मार्गों का निर्माण कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

नगर विकास विभाग की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने नगर निकायों को निर्देश दिए कि केवल नाले-नालियों का निर्माण ही नहीं बल्कि ड्रेनेज सिस्टम के अंतिम बिंदु तक जल निकासी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जलभराव वाले शहरी क्षेत्रों में स्थायी समाधान निकालने पर जोर दिया।

अटलपुरम् टाउनशिप योजना का शुभारंभ

सीएम योगी ने मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोत्साहन योजना के तहत आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) की महत्वाकांक्षी अटलपुरम् टाउनशिप परियोजना का शिलापट्ट अनावरण किया। लगभग 340 एकड़ में फैली 1,515 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना में—

  • 1430 आवासीय भूखंड

  • 18 ग्रुप हाउसिंग प्लॉट

  • 96 गैर-आवासीय भूखंड (व्यावसायिक, बैंक, होटल, सामुदायिक केंद्र, स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक सुविधाएं)

  • फायर स्टेशन और पुलिस चौकी की भी व्यवस्था की गई है।

Back to top button