बर्फबारी के बीच केदारनाथ पहुंचीं सारा अली खान

आधे घंटे लाइन में लगकर किए दर्शन

  • हेलिकॉप्टर से दोस्तों के साथ धाम पहुंचीं अभिनेत्री
  • ठंड में ठिठुरती दिखीं; मौजूद लोग नहीं पहचान सके, महिलाओं ने शॉल देने की पेशकश की

रुद्रप्रयाग। बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान ने रविवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। बताया गया कि वह हेलिकॉप्टर से अपने दोस्तों के साथ धाम पहुंचीं। उनके पहुंचने के बाद इलाके में बर्फबारी भी हुई। कड़ाके की ठंड के बीच सारा लाइन में खड़ी नजर आईं। इस दौरान उन्होंने मंदिर में आम श्रद्धालुओं की तरह दर्शन किए।

आधे घंटे तक लाइन में खड़ी रहीं सारा

जानकारी के मुताबिक, सारा अली खान करीब आधे घंटे तक दर्शन के लिए कतार में खड़ी रहीं। वहां मौजूद लोग उन्हें पहचान नहीं सके। ठंड से ठिठुरती सारा को देखकर कतार में खड़ी कुछ महिलाओं ने उन्हें शॉल देने की पेशकश भी की। बताया गया कि इस दौरान सारा ने मंदिर के कर्मचारियों और अधिकारियों से दूरी बनाए रखी।

बाबा भुकुंट भैरव के भी किए दर्शन

सारा ने बाबा केदार के दर्शन के साथ ही केदारनाथ धाम के रक्षक माने जाने वाले बाबा भुकुंट भैरव के मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। सारा पहले भी केदारनाथ यात्रा कर चुकी हैं। इस धाम से उनका खास जुड़ाव रहा है और उनकी फिल्मी यात्रा की शुरुआत से भी केदारनाथ का नाम जुड़ा रहा है।

मंदिर में प्रवेश को लेकर पहले हुआ था विवाद

इस साल श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने गैर-सनातनियों के मंदिरों में प्रवेश को लेकर नियमों पर चर्चा की थी। उस दौरान समिति की ओर से कहा गया था कि सारा अली खान को केदारनाथ में प्रवेश के लिए अपनी सनातन धर्म में आस्था के संबंध में शपथपत्र देना पड़ सकता है।

BKTC अध्यक्ष ने कही थी यह बात

मामले पर विवाद बढ़ने के बाद BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा था कि सनातन धर्म में आस्था रखने वाले सभी लोगों का स्वागत है। सारा के केदारनाथ पहुंचने के बाद एक बार फिर मंदिर में प्रवेश से जुड़े नियमों और आस्था के सवाल पर चर्चा शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button