सर्बिया में छात्र गठबंधन की जीत

वुचिच की पार्टी हारी; 250 में से 135-140 सीटें मिलने का अनुमान

बेलग्रेड। सर्बिया में छात्र आंदोलन से जुड़े गठबंधन ‘स्टूडेंट लिस्ट’ ने संसदीय चुनाव में जीत हासिल की है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी माने जाने वाले अलेक्जेंडर वुचिच के राजनीतिक गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा है। वुचिच सितंबर 2026 में राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में थे।

प्रारंभिक नतीजों के आधार पर वुचिच ने माना कि उनकी पार्टी चुनाव हार गई है। उनके अनुमान के मुताबिक, 250 सदस्यीय संसद में छात्र गठबंधन को 135 से 140 सीटें मिल सकती हैं, जबकि उनके गठबंधन को करीब 105 सीटें मिलने की संभावना है। अंतिम आधिकारिक नतीजे अभी घोषित नहीं हुए हैं।

छात्र गठबंधन को 51.89% वोट मिलने का अनुमान

सर्बिया के चुनाव आयोग के 26 अक्टूबर को जारी शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, 7,807 मतदान केंद्रों के नतीजों में ‘स्टूडेंट लिस्ट’ को 20.44 लाख से अधिक वोट मिले। उसे 51.89 प्रतिशत मत प्राप्त हुए। वहीं, वुचिच के नेतृत्व वाले ‘यूनाइटेड सर्बिया’ गठबंधन को करीब 15.66 लाख वोट यानी 39.73 प्रतिशत मत मिले। मतगणना पूरी होने के बाद आंकड़ों में बदलाव संभव है।

दो साल से भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे छात्र

सर्बिया में छात्र आंदोलन ने करीब दो साल पहले सरकार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किए थे। आंदोलनकारियों ने सरकार पर भ्रष्टाचार और सत्ता के बढ़ते केंद्रीकरण के आरोप लगाए थे। नवंबर 2024 में नोवी साद शहर के रेलवे स्टेशन की छतरी ढहने से 16 लोगों की मौत के बाद विरोध-प्रदर्शन तेज हो गए थे। छात्रों ने हादसे की जवाबदेही तय करने और सरकारी संस्थानों में पारदर्शिता की मांग की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button