
- ब्रज धर्माचार्य परिषद और सनातनी हिंदू संगठन ने आयोजित की चेतावनी सभा
- सभा में 300 से अधिक संतों और समाजजनों को भेजा गया निमंत्रण
- महिलाओं की ओर से अदालत में केस दर्ज कराने की मांग
वृंदावन (मथुरा): प्रसिद्ध कथा वाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज के लड़कियों की शादी की उम्र और महिलाओं के बारे में दिए गए विवादित बयान को लेकर मथुरा के वृंदावन में ब्रज धर्माचार्य परिषद और सनातनी हिंदू संगठन ने कड़ा रुख अपनाया है। इसको लेकर गुरुवार दोपहर वृंदावन के कैलाश नगर में चेतावनी सभा आयोजित की जा रही है।
सभा में ब्रज के प्रमुख साधु-संत और धर्माचार्य एकत्र हो रहे हैं, जो इस मुद्दे पर निर्णय लेंगे। आयोजकों के अनुसार, इस सभा में अनिरुद्धाचार्य महाराज के खिलाफ सामाजिक और धार्मिक स्तर पर कठोर निर्णय लिए जा सकते हैं।
बयान से नाराज महिलाएं और धर्मगुरु
अनिरुद्धाचार्य महाराज ने हाल ही में व्यास पीठ से प्रवचन के दौरान लड़कियों की शादी की उम्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिससे महिला वर्ग और आम लोगों में गहरा आक्रोश है। उनके इस बयान को स्त्री सम्मान के खिलाफ बताया जा रहा है।
ब्रज धर्माचार्य परिषद की ओर से सभा का नेतृत्व कर रहे हिंदूवादी नेता दिनेश शर्मा ने कहा कि “माता-बहनों का अपमान ब्रज के विद्वान सहन नहीं करेंगे।” उन्होंने बताया कि सभा में शामिल होने के लिए लगभग 300 लोगों को निमंत्रण भेजा गया है।
न्यायिक कार्रवाई की भी मांग
इससे पहले महाराज के विवादित बयान पर महिला वकीलों ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल कर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इससे यह विवाद और अधिक गंभीर होता जा रहा है।








