
नई दिल्ली/कोयंबटूर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) की 21वीं किस्त जारी की। इसके तहत देशभर के करीब 9 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में 18,000 करोड़ रुपए से अधिक ट्रांसफर किए गए।
पीएम मोदी ने कहा कि इस योजना से अब तक छोटे किसानों के खातों में कुल 4 लाख करोड़ रुपए भेजे जा चुके हैं और किसानों को कुल 10 लाख करोड़ रुपए की मदद दी गई है। उन्होंने नेचुरल फार्मिंग को बढ़ावा देने की बात कही और कहा कि इसके कारण देश का एग्रीकल्चर एक्सपोर्ट दोगुना हुआ है।
उन्होंने कहा, “जब मैं मंच पर आया तो किसान गमछा घुमा रहे थे। मुझे लगा कि बिहार की हवा पहले ही यहाँ पहुंच गई है।” पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत छोटे किसानों को साल में 2,000 रुपए की तीन किस्तें (कुल 6,000 रुपए) उनके बैंक खातों में भेजी जाती हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि नेचुरल फार्मिंग उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु में 35 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में नेचुरल फार्मिंग हो रही है, वहीं कर्नाटक और केरल में मल्टीलेयर फार्मिंग की जा रही है। इसमें एक ही खेत में नारियल, मिर्च और अन्य फसलें उगाई जा रही हैं।
मोदी ने कहा, “कोयंबटूर का टेक्सटाइल सेक्टर देश की इकोनॉमी में बड़ा योगदान दे रहा है। कुछ किसान मैकेनिकल इंजीनियरिंग और पीएचडी करने के बाद भी खेती कर रहे हैं। कुछ नासा में काम करते हुए किसानों को ट्रेन कर रहे हैं।”








