अकबरपुर में बाइक और स्कूटी की भिड़ंत, शिक्षक की मौत

हाइडिल के पास देर रात हुआ हादसा, दूसरा युवक गंभीर घायल

अकबरपुर थाना क्षेत्र के टांडा मार्ग स्थित हाइडिल के पास मंगलवार देर रात बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में एक शिक्षक की मौत हो गई। हादसे में दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जिले के धनउपुर निवासी 35 वर्षीय राम कृष्ण शुक्ल मंगलवार रात करीब 10 बजे स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान टांडा क्षेत्र के थिरुआ मेहनिया निवासी राधेश्याम पुत्र निंकू बाइक से अपने भाई को छोड़कर घर लौट रहा था।

हाइडिल के पास हुई जोरदार टक्कर

बताया जा रहा है कि हाइडिल के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना तेज था कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सूचना विभाग के कर्मचारी और पुलिसकर्मियों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने स्कूटी सवार राम कृष्ण शुक्ल को मृत घोषित कर दिया।

बस्ती जिले में शिक्षक थे मृतक

मृतक राम कृष्ण शुक्ल बस्ती जिले के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रघउपुर में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। हादसे की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

वहीं दूसरे घायल युवक राधेश्याम का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने शिक्षक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद देर रात तक पुलिस टीम मौके पर जांच में जुटी रही।

प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडे ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button