
अंबेडकरनगर। जनपद से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी मरहरा गांव में ग्रामीणों ने एक युवक को चोर समझकर पकड़ लिया और बिना किसी पुष्टि के उसे पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई कर दी। बाद में पता चला कि युवक मंदबुद्धि है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना सोमवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। गांव में अचानक अफरा-तफरी मच गई जब कुछ ग्रामीणों ने एक युवक को संदिग्ध मानते हुए पकड़ लिया। आरोप लगाया गया कि युवक ने एक ठेला और तीन गेहूं की बोरियां चोरी की हैं। ग्रामीणों ने न तो युवक से सही ढंग से पूछताछ की और न ही पुलिस को सूचना दी। उसे पेड़ से बांध दिया गया और कई लोगों ने मिलकर उसकी पिटाई की।
पानी पीने घर में घुसा था युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक पानी पीने के लिए एक घर में घुसा था। इसी दौरान ग्रामीणों को उस पर शक हुआ और उसे चोर मान लिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बिना किसी ठोस सबूत के युवक को बंधक बना लिया। काफी देर तक युवक पेड़ से बंधा रहा और उसके साथ मारपीट होती रही।
वीडियो में दिखे मारपीट के निशान
घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक को पेड़ से बांधा गया है और उसके चेहरे व शरीर पर मारपीट के निशान हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।









