अकबरपुर में अतिक्रमण अभियान पर भेदभाव के आरोप

अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। अकबरपुर मीरानपुर निवासी और नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव में दो बार रनर रहे समाजसेवी हाजी अकमल उर्फ जुगनू ने पालिका प्रशासन पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण अभियान निष्पक्ष न होकर चयनात्मक तरीके से चलाया जा रहा है।

हाजी अकमल का कहना है कि पालिका प्रशासन की कार्रवाई केवल गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों तक सीमित है, जबकि रसूखदारों और प्रभावशाली लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अभियान के नाम पर सिर्फ चुनिंदा दुकानों और ठेलों को हटाया जा रहा है, जबकि बड़े और स्थायी अतिक्रमण जस के तस बने हुए हैं।

अधूरी कार्रवाई से बढ़ रहा असंतोष

उन्होंने कहा कि यदि पालिका प्रशासन वास्तव में अतिक्रमण हटाने को लेकर गंभीर है, तो कार्रवाई सभी पर समान रूप से होनी चाहिए। वर्तमान में चल रहा अभियान अधूरा और पक्षपातपूर्ण है, जिससे आम नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है। कई स्थानों पर छोटे दुकानदारों और फुटपाथ पर जीवनयापन करने वालों की दुकानें तोड़ दी गईं, लेकिन वहीं पास में मौजूद बड़े निर्माणों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

हाजी अकमल ने दावा किया कि कुछ स्थानों पर पहले से चिन्हित अतिक्रमणों को जानबूझकर छोड़ा गया है। इससे साफ है कि अभियान में निष्पक्षता का अभाव है और दबाव या सिफारिश के आधार पर कार्रवाई तय की जा रही है।

पालिका प्रशासन की भूमिका पर सवाल

समाजसेवी हाजी अकमल ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन का दायित्व है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाए, लेकिन यह काम कानून और समानता के आधार पर होना चाहिए। यदि कार्रवाई में भेदभाव किया जाएगा, तो इसका विरोध होना स्वाभाविक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button