जम्मू-कश्मीर : जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। रामनगर से उधमपुर जा रही एक यात्री बस कगोट क्षेत्र के जालो के पास अनियंत्रित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।
राहत और बचाव कार्य शुरू
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को तेजी से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की भी तैयारी की जा रही है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने उधमपुर के जिला प्रशासन से संपर्क किया है और राहत कार्यों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और बचाव दल पूरी मुस्तैदी से काम कर रहे हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाई जा सके।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक
इस हादसे पर मुख्यमंत्री ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। वहीं, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने भी मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
गौरतलब है कि उधमपुर-रामनगर मार्ग पहाड़ी और संकरे रास्तों से होकर गुजरता है, जहां खराब सड़क और तीखे मोड़ों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।










