
वाराणसी। Varanasi के फूलपुर थाना क्षेत्र में व्यापारी मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या के विरोध में अब अधिवक्ता भी आंदोलन में उतर आए हैं। घटना के विरोध में वकीलों ने गांव पहुंचकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और आक्रोश जताते हुए सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
गांव पहुंचकर वकीलों ने जताया विरोध
भरथरा-घमहापुर गांव में हुई इस घटना को लेकर परिजनों में पहले से ही नाराजगी थी। शुक्रवार को सेंट्रल बार एसोसिएशन वाराणसी के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम के नेतृत्व में दर्जनों अधिवक्ता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि पांच दिन बाद भी आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
चक्काजाम से थमा ट्रैफिक
अधिवक्ताओं और परिजनों ने बसनी-कुआर मार्ग पर दोपहर करीब 2:10 बजे धरना शुरू किया। सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे, धरना जारी रहेगा।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
परिजनों का आरोप है कि पुलिस सिर्फ आश्वासन दे रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और न ही कोई सख्त कार्रवाई जैसे बुलडोजर या एनकाउंटर की गई है।
48 घंटे में कार्रवाई का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी पिंडरा मौके पर पहुंचे और 48 घंटे के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दो दिनों के अंदर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी और पुलिस कमिश्नर ने भी शाम 5 बजे पीड़ित परिवार को बुलाया है।
इसके बाद करीब 20 मिनट तक चला जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हो सका।









