
- लखनऊ में हुई प्रतीक यादव की तेरहवीं
- CM योगी आदित्यनाथ ने पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
- अपर्णा यादव पूड़ी बांटते समय भावुक हुईं
लखनऊ। प्रतीक यादव की तेरहवीं सोमवार को लखनऊ स्थित आवास पर आयोजित की गई। इस दौरान राजनीतिक और सामाजिक जगत की कई बड़ी हस्तियां श्रद्धांजलि देने पहुंचीं।
कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। उन्होंने अपर्णा यादव से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान माहौल बेहद भावुक नजर आया। अपर्णा यादव लोगों को पूड़ी बांटते समय खुद को संभाल नहीं सकीं और रो पड़ीं।
तेरहवीं कार्यक्रम में अखिलेश यादव भी पहुंचे। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य और पार्टी से जुड़े नेता मौजूद रहे। डिंपल यादव भी बच्चों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने घर के अंदर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कुछ समय बाद वापस लौट गईं।
घर के बाहर लगातार रामधुन बजती रही और पूरे इलाके में शोक का माहौल दिखाई दिया। लखनऊ के कई हिस्सों में प्रतीक यादव की तेरहवीं से जुड़े शोक संदेश वाले होर्डिंग भी लगाए गए हैं।
कार्यक्रम में विधायक अक्षय यादव, लोकगायिका मालिनी अवस्थी और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी समेत कई लोग शामिल हुए। सुधांशु त्रिवेदी ने अपर्णा यादव के साथ मिलकर श्रद्धालुओं को पूड़ी भी बांटी।
गौरतलब है कि 13 मई की सुबह 38 वर्षीय प्रतीक यादव का हार्ट अटैक से निधन हो गया था। अगले दिन 14 मई को लखनऊ के बैकुंठ धाम श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया था। मुखाग्नि उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने दी थी।









