
- आरोपी कार्तिक उर्फ मारियप्पन गिरफ्तार
- आरोपी पर 31 से ज्यादा केस दर्ज
- ब्रेकअप के बाद लड़की को दी थी धमकी
कोयंबटूर। कोयंबटूर में ब्रेकअप से नाराज एक युवक ने लड़की के घर पर केरोसिन बम से हमला कर दिया। घटना रविवार की बताई जा रही है, जिसका CCTV फुटेज अब सामने आया है।
हमले के बाद घर के बरामदे में आग लग गई। हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने आरोपी कार्तिक उर्फ मारियप्पन को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी की लड़की से दोस्ती थी।
पुलिस के मुताबिक, लड़की को जब पता चला कि कार्तिक के खिलाफ हत्या समेत 31 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, तो उसने उससे दूरी बना ली और बातचीत बंद कर दी। इसी बात से आरोपी नाराज हो गया।
आरोप है कि युवक ने पहले लड़की को जान से मारने की धमकी दी और बाद में उसके घर पर केरोसिन बम फेंक दिया। घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।









