लखनऊ में शादी के 9 दिन बाद नवविवाहिता प्रेमी संग फरार

लखनऊ। लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में शादी के महज नौ दिन बाद नवविवाहिता के प्रेमी के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि युवती पहली बार ससुराल पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद घर से गायब हो गई।

जानकारी के अनुसार, 11 मार्च को मोहनलालगंज के पुरसेनी निवासी युवती की शादी राजाखेड़ा निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद वह मायके लौट गई थी। 20 मार्च को पति उसे विदा कराकर ससुराल लाया, लेकिन उसी दिन दोपहर में घर पर छोड़कर वह मामा के यहां चला गया। शाम को लौटने पर पत्नी घर से गायब मिली।

परिजनों और पति ने आसपास तलाश की, तो ग्रामीणों ने बताया कि युवती को एक युवक के साथ बाइक से जाते देखा गया था। घर की तलाशी लेने पर जेवर और कपड़े भी गायब मिले, जिसके बाद पति ने मोहनलालगंज कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने युवती के मोबाइल पर संपर्क किया तो उसने बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ हरियाणा पहुंच गई है और वापस लौट रही है। कुछ देर बाद वह अपने प्रेमी के साथ हरिकंशगढ़ी चौकी पहुंच गई।

चौकी पर युवती ने पति के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया और प्रेमी के साथ रहने की बात कही। उसने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की। सूचना मिलते ही पति और ग्रामीण भी चौकी पहुंच गए, जहां देर शाम तक दोनों पक्ष मौजूद रहे।

पुलिस के अनुसार, युवती और उसका प्रेमी दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं। हालांकि प्रेमी पहले से शादीशुदा है और अलग समुदाय से संबंध रखता है। फिलहाल दोनों के बयान दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button