अंबेडकरनगर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय अटल भवन में गुरुवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। वहीं जनपद से पहली बार अवधेश द्विवेदी को भाजपा का अवध क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर खुशी भी जताई।
‘राष्ट्र पहले, पद बाद में’ की विचारधारा के प्रतीक थे मुखर्जी
मुख्य अतिथि भाजपा क्षेत्रीय मंत्री एवं पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य विनोद कुमार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने “एक देश, एक विधान और एक निशान” के संकल्प के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1953 में कश्मीर में परमिट व्यवस्था के विरोध में चलाए गए आंदोलन ने देश की एकता और अखंडता को नई दिशा दी।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने समाज के पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों की आवाज़ को सम्मान दिलाने का कार्य किया। उनके विचार आज भी भाजपा की नीतियों और कार्यशैली में प्रतिबिंबित होते हैं।
‘जनसंघ का पौधा आज भाजपा का वटवृक्ष बना’
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने 1951 में जिस जनसंघ की स्थापना की थी, वह आज भारतीय जनता पार्टी के रूप में विशाल संगठन बन चुका है। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति कार्यकर्ता होते हैं और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।









