9 रन देकर अनीश ने झटके चार विकेट, 21 रन से जीती डॉक्टर्स इलेवन

सड़क सुरक्षा सद्भावना कप में टीचर्स इलेवन की पारी 95 रन पर सिमटी, आमोद रहे प्लेयर ऑफ द मैच

अंबेडकरनगर। सड़क सुरक्षा सद्भावना कप में रविवार को डॉक्टर्स इलेवन ने बेसिक टीचर्स इलेवन अंबेडकरनगर को 21 रन से हरा दिया। जेएसआर क्रिकेट एकेडमी, अकबरपुर के मैदान पर खेले गए मुकाबले में डॉक्टरों ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 116 रन बनाए। जवाब में टीचर्स इलेवन 95 रन पर ऑलआउट हो गई।

अभिनीत की पारी से 116 रन तक पहुंची टीम

डॉक्टर्स इलेवन के कप्तान डॉ. जीडी वर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। टीम ने 16 ओवर में नौ विकेट पर 116 रन बनाए।

डॉ. अभिनीत यादव ने 26 रन की उपयोगी पारी खेली। डॉ. अनीश और अभिषेक ने 15-15 रन बनाए, जबकि आमोद ने 10 रन का योगदान दिया।

टीचर्स इलेवन की ओर से कमलेश और शुभम ने तीन-तीन विकेट लिए। भारत को दो सफलता मिली।

55 रन पर एक विकेट के बाद बदला मैच

117 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीचर्स इलेवन ने तेज शुरुआत की। सात ओवर में टीम का स्कोर एक विकेट पर 55 रन था। इसके बाद डॉ. आमोद ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर मुकाबले में वापसी करा दी।

इसके बाद डॉ. अनीश ने गेंद से मोर्चा संभाला। उनकी धारदार गेंदबाजी के सामने टीचर्स इलेवन का मध्यक्रम लड़खड़ा गया।

अनीश ने 3.3 ओवर में केवल नौ रन देकर चार विकेट चटकाए। आमोद ने दो विकेट लिए। पूरी टीम 15.3 ओवर में 95 रन पर पवेलियन लौट गई।

दिव्यांश और शुभम की पारियां भी नहीं दिला सकीं जीत

टीचर्स इलेवन की ओर से दिव्यांश ने 27 और शुभम ने 26 रन बनाए। दोनों ने टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन लगातार विकेट गिरने से लक्ष्य दूर होता गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button