नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह तीन दिवसीय सेशेल्स दौरे के लिए रवाना हो गए। वह 27 से 29 जून तक हिंद महासागर के द्वीपीय देश सेशेल्स की यात्रा पर रहेंगे। प्रधानमंत्री यह दौरा सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर कर रहे हैं।
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की आजादी के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में आयोजित भव्य परेड में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी हिस्सा लेंगे, जो दोनों देशों के मजबूत रक्षा और समुद्री सहयोग का प्रतीक होगा।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय संबंधों, हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा, समुद्री सहयोग और विभिन्न क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। इसके अलावा वह सेशेल्स की राष्ट्रीय विधानसभा को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे। साथ ही वहां रहने वाले भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे।
यह पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी की दूसरी सेशेल्स यात्रा होगी। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2015 में इस द्वीपीय राष्ट्र का दौरा किया था। करीब 1.35 लाख आबादी वाले सेशेल्स में लगभग 12 हजार भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाते हैं।









