हिंसक प्रदर्शन करने वालों को पांच साल तक जेल हो सकती है
करीब 21 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान बताया गया है
नाबालिगों के नुकसान की भरपाई माता-पिता को करनी पड़ सकती है
इटली में हिंसक प्रदर्शन, दुकानों में लूटपाट और आगजनी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी है। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने मंगलवार को सुरक्षा से जुड़े नए नियमों को मंजूरी दी। इनके तहत हिंसक गतिविधियों में शामिल लोगों को पांच साल तक की जेल और करीब 21 लाख रुपये तक जुर्माना देना पड़ सकता है।
नाबालिगों के नुकसान की भरपाई करेंगे माता-पिता
नए नियमों के मुताबिक, नाबालिगों की ओर से सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने पर उसकी भरपाई की जिम्मेदारी उनके माता-पिता पर डाली जा सकती है। इसके अलावा, 14 साल से अधिक उम्र के बच्चों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना आसान बनाने का प्रावधान भी किया गया है।
मिलान में 500 अतिरिक्त सैनिक होंगे तैनात
सरकार ने मिलान में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए साल के अंत तक 500 अतिरिक्त सैनिक तैनात करने का फैसला किया है। यह कदम शहर में दुकानों में लूटपाट और आगजनी की घटनाओं के बाद उठाया गया है।
हिंसा के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने पर चिंता
प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में कहा कि हिंसा में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी दुखद और डराने वाली है। उनके मुताबिक, 17 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन में कई युवा तोड़फोड़ और चोरी करने के साथ ही उसका वीडियो बनाने के लिए भी पहुंचे थे।
मेलोनी ने कहा कि इस समस्या से गंभीरता से निपटना जरूरी है, ताकि हिंसा के वीडियो देखकर दूसरे युवा भी ऐसी गतिविधियों के लिए प्रेरित न हों। सरकार का उद्देश्य सख्त नियमों और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के जरिए हिंसक घटनाओं पर अंकुश लगाना है।









