राष्ट्रीय रक्तदाता महाकुंभ में संध्या सिंह सम्मानित

रक्तदान जनजागरण के कार्यों को मिली राष्ट्रीय पहचान

  • बिहार में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मिला सम्मान, अम्बेडकरनगर का बढ़ाया मान

अम्बेडकरनगर। रक्तदान जागरूकता और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाली अम्बेडकरनगर की समाजसेवी संध्या सिंह ‘समीप’ को बिहार के रोहतास जिले में आयोजित ‘रक्तदाता महाकुंभ–2 : इंटरनेशनल ब्लड डोनेशन फेस्टिवल-कम-कॉन्फ्रेंस एंड वर्कशॉप’ में सम्मानित किया गया। उन्हें स्वैच्छिक रक्तदान अभियान, जनजागरण, महिला नेतृत्व और सामाजिक सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

देश-विदेश के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मिला सम्मान

गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमुहार में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में यह सम्मान बिहार सरकार के सीआईडी निदेशक बिपिन कुमार ने प्रदान किया। आयोजन में नेपाल, भूटान सहित देश के विभिन्न राज्यों से रक्तदाता, चिकित्सक, समाजसेवी, विशेषज्ञ और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।

रक्तदान और सामाजिक अभियानों में लगातार निभा रहीं सक्रिय भूमिका

संध्या सिंह इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, अम्बेडकरनगर शाखा की चेयरमैन और आरम्भ फाउंडेशन की अध्यक्ष हैं। वह लंबे समय से रक्तदान जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा से जुड़े अभियानों का संचालन कर रही हैं। उनके प्रयासों से जिले में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में लगातार गतिविधियां संचालित की जाती रही हैं।

रक्तदान आंदोलन को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन

4 और 5 जुलाई को आयोजित सम्मेलन में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने, रक्त सुरक्षा, युवाओं की भागीदारी और नियमित रक्तदान शिविरों की उपयोगिता जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए। रक्तदान आंदोलन को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की रणनीतियों पर भी चर्चा हुई।

संध्या सिंह ने जताया आभार

सम्मान प्राप्त करने के बाद संध्या सिंह ने कहा कि यह सम्मान अम्बेडकरनगर के रक्तदाताओं, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, आरम्भ फाउंडेशन और अभियान से जुड़े सभी सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों की पहचान है। उन्होंने आयोजन समिति, गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button