गांव निवासी दीपू प्रजापति पुत्र अलगू शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसकी मां ने तलाश शुरू की। वह बाजार और आसपास के इलाकों में बेटे को खोजती हुई गांव के बाहर खेत के पास बाग में पहुंची। वहां आम के पेड़ से शव लटका देखकर उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पेड़ के नीचे टूटा मिला मोबाइल
ग्रामीणों के मुताबिक, युवक का मोबाइल फोन पेड़ के नीचे टूटी हालत में पड़ा था। उसके कई हिस्से अलग-अलग बिखरे हुए थे। घर से एक सुसाइड नोट मिलने की सूचना भी है। बताया जा रहा है कि उसमें दोस्तों को परेशान नहीं करने की बात लिखी गई है और युवक ने अपने कृत्य के लिए माफी मांगी है। हालांकि, नोट की सामग्री और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
मां के साथ रहता था युवक
ग्रामीणों के अनुसार, युवक की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी दवाएं चल रही थीं। उसके पिता और दोनों भाई बाहर रहकर काम करते हैं। युवक घर पर अपनी मां के साथ रहता था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
सूचना पर पहुंची भीटी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मौत के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।









