- मंदिर की चौखट पर मिला शव
- 20 साल से कर रहे थे पूजा-पाठ
- पुलिस ने शुरू की जांच
महोबा। महोबा जिले के कुलपहाड़ थाना क्षेत्र में स्थित एक हनुमान मंदिर के पुजारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह मंदिर की चौखट पर उनका खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान उदित नारायण मिश्रा के रूप में हुई है, जो हमीरपुर जिले के अमगांव के निवासी थे। वह पिछले करीब 20 वर्षों से महोबा के जैतपुर बेलाताल गांव स्थित हनुमान मंदिर में रहकर पूजा-पाठ और मंदिर की देखरेख कर रहे थे।
शनिवार सुबह गांव निवासी कपिल दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मंदिर की चौखट पर पुजारी का शव पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मृतक के बड़े भाई जुगल मिश्रा ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। उनका कहना है कि उदित नारायण मिश्रा की किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुजारी शांत और सरल स्वभाव के थे तथा पिछले दो दशकों में उनका किसी से कोई विवाद नहीं हुआ था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।









