- स्काईरूट एयरोस्पेस के युवा वैज्ञानिकों की सराहना की
- राहुल गांधी का नाम लिए बिना उम्र पर कसा तंज
- 56 इंच बनाम 56 साल की सियासी बहस फिर चर्चा में
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद परिसर के हंस द्वार पर मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत के पहले निजी रॉकेट ‘विक्रम-1’ को ऑर्बिट में भेजने वाली स्काईरूट एयरोस्पेस की टीम की उपलब्धि की सराहना करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बिना नाम लिए तंज कसा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के युवा नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं और स्टार्टअप अंतरिक्ष क्षेत्र में भी इतिहास रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्काईरूट एयरोस्पेस की जिस टीम ने यह उपलब्धि हासिल की है, उसकी औसत उम्र सिर्फ 28 वर्ष है। इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “हालांकि मैं किसी 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा।”
प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी के बाद उनके पीछे खड़े संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू भी मुस्कुराते नजर आए। राजनीतिक हलकों में इसे राहुल गांधी की उम्र को लेकर किया गया तंज माना जा रहा है। राहुल गांधी की उम्र 56 वर्ष है, हालांकि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में उनका नाम नहीं लिया।
पीएम मोदी का राहुल गांधी पर तंज, बोले- 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा









