लखनऊ में AISA का मार्च, NTA भंग करने की मांग

  • परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग
  • जंतर-मंतर आंदोलन के समर्थन में निकाला गया मार्च
  • 23 दिन बाद AISA कार्यकर्ताओं ने खत्म की भूख हड़ताल

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के विरोध में प्रदर्शन किया। संगठन ने परिवर्तन चौक से जिला कार्यालय तक मार्च निकालकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और NTA को भंग करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

AISA ने बताया कि यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में आयोजित किया गया। संगठन का कहना है कि देशभर में परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने, छात्रों के हितों की रक्षा करने और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से यह मार्च निकाला गया है।

प्रदर्शन के दौरान पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक को हिरासत में लिए जाने और जौहर विश्वविद्यालय पर हुई बुलडोजर कार्रवाई का भी विरोध किया गया। प्रदर्शनकारियों ने इन मुद्दों पर भी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इस बीच दिल्ली के जंतर-मंतर पर 23 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे AISA के तीन कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अपना अनशन समाप्त कर दिया। विपक्षी सांसदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के प्रतिनिधिमंडल की अपील के बाद उन्होंने आंदोलन के अगले चरण को जन अभियान और संसदीय स्तर पर आगे बढ़ाने का फैसला लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button