हजरतगंज में मोबाइल दुकानदार पर फायरिंग, सनसनी

श्रीराम टावर में युवक ने पिस्टल से फायर कर किया हमला, CCTV में कैद हुई वारदात

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र स्थित श्रीराम टावर में बुधवार रात एक मोबाइल दुकानदार पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। हालांकि गनीमत रही कि पिस्टल से चली गोली मिस हो गई और बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, महबूबगंज सहादतगंज निवासी काविश अदित अपने पार्टनर अर्जुन गुप्ता के साथ श्रीराम टावर में ‘मोबाइल वाला’ नाम से दुकान चलाते हैं। बुधवार रात करीब 9:54 बजे एक युवक मोबाइल खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचा, जिसके बाद किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर युवक ने अचानक पिस्टल निकाल ली और दुकानदार को धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने फायर किया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद आरोपी ने पिस्टल की नोक से दुकानदार के सीने पर कई वार किए, जिससे वह घायल हो गया। आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और लोग वहां पहुंचे, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बाद में व्यापारियों ने हजरतगंज कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और कुछ ही समय बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसकी फुटेज भी पुलिस के पास मौजूद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button