छठ पर्व को लेकर कुकरैल घाट पर तैयारियां तेज

विधायक ओपी श्रीवास्तव ने किया निरीक्षण

  • 15 और 16 नवंबर को होगा आयोजन
  • महिलाओं-पुरुषों के लिए अलग मोबाइल टॉयलेट और श्रद्धालुओं की मदद के लिए बनेगी हेल्प डेस्क

लखनऊ। छठ महापर्व को लेकर राजधानी में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओपी श्रीवास्तव ने कुकरैल पिकनिक स्पॉट स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 15 और 16 नवंबर को होने वाले आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। विधायक ने अधिकारियों को सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी काम समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम, जलकल, सिंचाई, वन, विद्युत विभाग और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई।

महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग मोबाइल टॉयलेट

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम को महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग मोबाइल टॉयलेट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही इनकी नियमित सफाई और पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि पूजा के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

पूजा स्थल पर बनेगी हेल्प डेस्क

छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी। यहां जिम्मेदार कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, जो जरूरत पड़ने पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की मदद करेंगे। किसी भी तरह की समस्या होने पर श्रद्धालु हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकेंगे।

सुरक्षा और साफ-सफाई पर विशेष जोर

विधायक ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और आयोजन से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। घाट और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई, सुरक्षा तथा अन्य नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button