अम्बेडकरनगर। खजूरी बाजार में मंगलवार सुबह अचानक हुई फायरिंग ने लोगों को हैरान कर दिया। रोज की तरह बाजार में चहल-पहल थी, लेकिन कुछ ही क्षणों में गोलियों की आवाज ने माहौल बदल दिया। चाय की दुकान पर बैठे एक युवक को निशाना बनाकर फायरिंग की गई और हमलावर देखते ही देखते चार पहिया वाहन से फरार हो गए।
मालीपुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी अतुल कुमार यादव इस हमले में घायल हुए हैं। गोली उनके पैर में घुटने के पास लगी। पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
खाद लेने निकला युवक, बाजार में घात लगाकर हुआ हमला
अतुल यादव के मुताबिक वह मंगलवार सुबह खजूरी बाजार खाद खरीदने आए थे। खाद की दुकान पर भीड़ होने के कारण वह पास की चाय-समोसे की दुकान पर बैठ गए। बताया गया कि इसी दौरान एक चार पहिया वाहन वहां आकर रुका। वाहन से कुछ लोग उतरे और सीधे अतुल की ओर बढ़े। आरोप है कि एक व्यक्ति ने पिस्तौल निकालकर फायर कर दिया। गोली लगते ही युवक वहां से बचने के लिए भागने लगा। गोली की आवाज सुनकर बाजार के लोग बाहर निकल आए। लोगों की भीड़ बढ़ती देख हमलावर वाहन में बैठकर मौके से निकल गए।









