नवरात्र से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, कुट्टू-सिंघाड़े के आटे समेत छह नमूने लिए

मूंगफली दाना और घी की भी होगी जांच, रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर होगी कार्रवाई

अंबेडकरनगर। नवरात्र और दशहरा पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट की आशंका पर जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुट्टू आटा, सिंघाड़ा आटा, मूंगफली दाना और घी के कुल छह नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने रगड़गंज स्थित वर्मा ब्रदर्स एंड संस से कुट्टू आटे का नमूना लिया। अकबरपुर के रिलायंस स्मार्ट बाजार से कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने लिए गए। शहजादपुर के निसार किराना स्टोर से मूंगफली दाना, बरुआ जलाकी स्थित आरडी डेयरी से घी और राजेसुल्तानपुर के दयाराम किराना स्टोर से सिंघाड़े के आटे का नमूना लिया गया।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

सहायक आयुक्त खाद्य श्रवण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सभी नमूने खाद्य विश्लेषक की प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट में मिलावट पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र वर्मा के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार पांडेय, दिनेश कुमार राय, चंद्र प्रकाश यादव, मो. नसीम खान, ओम प्रकाश और संतोष कुमार वर्मा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button