खुरपका-मुंहपका पर वार, जिलेभर में टीकाकरण अभियान शुरू

प्रभारी मंत्री ने दिखाई 21 टीकाकरण टीमों को हरी झंडी, 8 सितंबर तक 3.15 लाख से अधिक पशुओं को लगेगा मुफ्त टीका

अम्बेडकरनगर। जिले में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग से सुरक्षित रखने के लिए विशेष टीकाकरण अभियान का बुधवार को शुभारंभ हो गया। कलेक्ट्रेट परिसर से प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा और जिलाधिकारी ईशा प्रिया की मौजूदगी में टीकाकरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत संचालित किया जा रहा है।

8 सितंबर तक चलेगा अभियान, 3.15 लाख से अधिक पशुओं का लक्ष्य

जिले में यह अभियान 8 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान 3,15,548 गोवंश और भैंसवंशीय पशुओं को खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए निःशुल्क टीका लगाया जाएगा।

नौ विकासखंडों में 21 टीमें करेंगी घर-घर टीकाकरण

जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि अभियान के लिए जिले के सभी नौ विकासखंडों में 21 टीकाकरण टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी। प्रत्येक टीम में पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, पशु मित्र और वैक्सीनेटर शामिल रहेंगे। टीकाकरण से पहले संबंधित गांवों में ग्राम प्रधान के माध्यम से सूचना भी दी जाएगी।

हर पशु की होगी टैगिंग, ऐप पर दर्ज होगा पूरा रिकॉर्ड

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि टीकाकरण के साथ प्रत्येक पशु के कान में टैग लगाया जाएगा और उसका पूरा विवरण भारत पशुधन ऐप पर अपलोड किया जाएगा। इसके लिए पशुपालकों का मोबाइल नंबर, आधार नंबर और पंजीकृत मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी आवश्यक होगा।

उन्होंने बताया कि यदि किसी कारण से कोई पशु टीकाकरण से छूट जाता है, तो पशुपालक संबंधित विकासखंड के पशु चिकित्सा अधिकारी से संपर्क कर निःशुल्क टीकाकरण करा सकते हैं।

पशुपालकों से सहयोग की अपील

प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पशुपालकों से अभियान में सहयोग करने और सभी पात्र पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की, ताकि जिले में खुरपका-मुंहपका रोग की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button