अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज के ककरापार गांव के शिवमंगल की मौत के मामले में आरोपी अनुभव की दूसरी जमानत अर्जी भी खारिज हो गई। विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट चिंताराम ने पोस्टमार्टम और विसरा जांच रिपोर्ट के साथ आरोपों की गंभीरता को देखते हुए राहत देने से इन्कार कर दिया।
पार्टी के बहाने घर से ले जाने के बाद मिली थी मौत की सूचना
मामला 18 जनवरी 2026 का है। जयपुर में काम करने वाले शिवमंगल बीए की परीक्षा देने के लिए घटना से तीन दिन पहले घर आए थे। उनकी मां संगीता देवी के मुताबिक, गांव का आलोक तिवारी सुबह करीब नौ बजे पार्टी में चलने की बात कहकर उन्हें साथ ले गया था। शाम करीब छह बजे फोन पर शिवमंगल की मौत की सूचना मिली। परिजनों को उनका शव जहांगीरगंज के एक निजी अस्पताल में मिला।
ट्रक से हाईटेंशन तार छूने की बात आई थी सामने
शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया था कि गांव के बाहर खड़े ट्रक को सड़क पर लाने के दौरान शिवमंगल हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए थे। करंट ट्रक में उतरने पर अन्य लोग कूदकर बच गए, जबकि शिवमंगल गंभीर रूप से झुलस गए। मां की तहरीर पर पुलिस ने आलोक तिवारी, अंकित तिवारी, संजय यादव और सूरज यादव के खिलाफ हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी।
विसरा रिपोर्ट में मिला एल्युमिनियम फॉस्फाइड विष
विवेचना के दौरान अनुभव का नाम सामने आया और उसके खिलाफ भी आरोप पत्र दाखिल किया गया। पोस्टमार्टम में शिवमंगल के शरीर पर चार चोटें मिली थीं। चिकित्सक मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं कर सके, इसलिए विसरा जांच के लिए भेजा गया। रामनगर वाराणसी स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट में एल्युमिनियम फॉस्फाइड विष पाए जाने का उल्लेख किया गया।









