छात्रों को मिलेगा नवाचार दिखाने का मौका

15 सितंबर तक चलेगी ऑनलाइन प्रक्रिया, हर विद्यालय से पांच श्रेष्ठ नए विचारों का होगा चयन

अंबेडकरनगर। माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए इंस्पायर अवार्ड मानक योजना वर्ष 2026-27 की ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 15 जुलाई से 15 सितंबर 2026 तक चलेगी।

जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ कुमार सिंह ने सभी प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा निदेशक माध्यमिक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर प्रत्येक विद्यालय से चयनित पांच सर्वश्रेष्ठ मौलिक और नवाचारी विचारों का ऑनलाइन नामांकन ई-एमआईएएस पोर्टल पर कराया जाएगा।

प्रार्थना सभा और आइडिया बॉक्स से जुटाए जाएंगे नए विचार

विद्यालयों में विद्यार्थियों को नवाचार के लिए प्रेरित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत प्रार्थना सभा, नोटिस बोर्ड और शिक्षकों के माध्यम से छात्रों को जानकारी दी जाएगी। साथ ही विद्यालय परिसर में आइडिया बॉक्स स्थापित करने को कहा गया है, ताकि छात्र अपने नए विचार साझा कर सकें।

मौलिकता और उपयोगिता के आधार पर होगा चयन

विद्यालय स्तर पर आयोजित विचार प्रतियोगिता में छात्रों के आइडिया का चयन कई मानकों पर किया जाएगा। इसमें मौलिकता, नवीनता, सामाजिक उपयोगिता, पर्यावरण मित्रता और व्यवहारिकता को प्रमुख आधार बनाया जाएगा। इन्हीं आधारों पर पांच श्रेष्ठ नवाचारों का चयन कर ऑनलाइन भेजा जाएगा।

आवेदन में त्रुटि रोकने के लिए दिए निर्देश

डीआईओएस ने विद्यालयों को यू-डाइस कोड के सत्यापन, नए विद्यालयों के पंजीकरण और छात्र-छात्राओं के बैंक खाते व आईएफएससी कोड सहित सभी विवरण सही दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गलती न हो, इसके लिए विद्यालय स्तर पर सावधानी बरती जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button