- पांच बार रहे निजामाबाद से विधायक
- गांधीवादी छवि के लिए थे प्रसिद्ध
- निधन के बाद यूपी में चार विधानसभा सीटें खाली
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के सबसे उम्रदराज विधायकों में शामिल आलमबदी आजमी का बुधवार देर रात 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने आजमगढ़ स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह पिछले चार महीनों से अस्वस्थ थे और लखनऊ के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनका अंतिम संस्कार (सुपुर्द-ए-खाक) गुरुवार दोपहर 3 बजे किया जाएगा।
पांच बार बने विधायक
आलमबदी आजमी आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा सीट से पांच बार विधायक चुने गए। अपनी सादगी और गांधीवादी विचारधारा के लिए पहचाने जाने वाले आजमी समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी नेताओं में गिने जाते थे।
स्कूटी से विधानसभा पहुंचकर बने थे चर्चा का विषय
करीब पांच महीने पहले आलमबदी आजमी स्कूटी से विधानसभा पहुंचे थे। उनकी सादगी और सक्रिय राजनीतिक जीवन की उस तस्वीर ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
चार विधानसभा सीटें हुईं रिक्त
आलमबदी आजमी के निधन के बाद उत्तर प्रदेश में अब चार विधानसभा सीटें रिक्त हो गई हैं। इनमें तीन सीटें समाजवादी पार्टी और एक सीट भारतीय जनता पार्टी के खाते की हैं। इनमें दुद्धी, फरीदपुर और घोसी विधानसभा सीटें भी शामिल हैं। हालांकि विधानसभा कार्यकाल में एक वर्ष से कम समय शेष होने के कारण इन सीटों पर अब उपचुनाव नहीं कराया जाएगा।









