- सोना 1,848 रुपए हुआ सस्ता
- चांदी में 2,924 रुपए की गिरावट
- ऑल टाइम हाई से दोनों धातुएं नीचे
नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार, 24 जुलाई को गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,848 रुपए सस्ता होकर 1.42 लाख रुपए पर पहुंच गया। वहीं, एक किलो चांदी 2,924 रुपए की गिरावट के साथ 2.19 लाख रुपए पर आ गई।
एक दिन पहले क्या थे दाम
गुरुवार को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 1.44 लाख रुपए थी, जबकि एक किलो चांदी 2.22 लाख रुपए पर कारोबार कर रही थी।
ऑल टाइम हाई से बड़ी गिरावट
इस साल की शुरुआत में सोने और चांदी दोनों ने रिकॉर्ड स्तर छुए थे। 29 जनवरी को सोना 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुंचा था, जिसके मुकाबले अब इसकी कीमत करीब 34 हजार रुपए कम हो गई है।
वहीं, चांदी 29 जनवरी को 3.86 लाख रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी। इसके बाद अब तक इसकी कीमत करीब 1.67 लाख रुपए घट चुकी है।
आगे फिर बढ़ सकते हैं दाम
कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक, मौजूदा स्तर पर सोना और चांदी अपने उच्चतम भाव से काफी नीचे हैं। ऐसे में निवेशक चरणबद्ध तरीके से निवेश कर सकते हैं। उनका अनुमान है कि साल के अंत तक सोना 1.60 लाख रुपए और चांदी 2.80 लाख रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकती है।









