मुंबई। कोटक महिंद्रा बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) अशोक वासवानी 31 दिसंबर 2026 को अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद पद छोड़ देंगे। बैंक ने स्टॉक एक्सचेंज को इसकी आधिकारिक जानकारी दी है।
बैंक के अनुसार, अशोक वासवानी ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए दोबारा नियुक्ति नहीं लेने का निर्णय लिया है। उनके इस फैसले के बाद बैंक के बोर्ड ने नए MD और CEO की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कोटक महिंद्रा बैंक की रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया गया कि वासवानी ने बोर्ड को पहले ही अपने निर्णय से अवगत करा दिया था। बोर्ड ने हाल ही में हुई बैठक में उनके फैसले को स्वीकार कर लिया है और तय समयसीमा के भीतर नए शीर्ष नेतृत्व की नियुक्ति पूरी करने की बात कही है।
अशोक वासवानी ने सितंबर 2023 में उदय कोटक के इस्तीफे के बाद बैंक की कमान संभाली थी। उन्हें 1 जनवरी 2024 से तीन साल के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया था, जिसे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मंजूरी भी मिली थी।
गौरतलब है कि वासवानी का बैंकिंग क्षेत्र में 35 वर्षों से अधिक का वैश्विक अनुभव है। कोटक बैंक से पहले वे पागाया टेक्नोलॉजीज के प्रेसिडेंट रहे हैं और सिटीग्रुप तथा बार्कलेज जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों में भी वरिष्ठ पदों पर कार्य कर चुके हैं।









