फर्जी मान्यता के नाम पर पैरामेडिकल कॉलेज से ₹31.28 लाख की ठगी

सीजेएम के आदेश पर मुकदमा दर्ज, फर्जी प्रमाणपत्र और वेबसाइट का आरोप

अंबेडकरनगर। इब्राहिमपुर क्षेत्र स्थित लॉर्ड बुद्धा नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज को फर्जी मान्यता दिलाने के नाम पर 31 लाख 28 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश पर इब्राहिमपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि खुद को स्टेट पैरामेडिकल फैकल्टी, लखनऊ का रजिस्ट्रार बताने वाले व्यक्ति ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए कॉलेज प्रबंधन से लाखों रुपये वसूल लिए।
रजिस्ट्रार बनकर पहुंचा, मान्यता दिलाने का दिया भरोसा
कॉलेज के प्रबंधक नवीन प्रकाश वर्मा के अनुसार वर्ष 2018 में गोरखपुर निवासी विनोद यादव अपनी टीम के साथ कॉलेज पहुंचा। उसने खुद को स्टेट पैरामेडिकल फैकल्टी, लखनऊ का रजिस्ट्रार बताते हुए एएनएम, जीएनएम और डी-फार्मा समेत अन्य पाठ्यक्रमों की मान्यता दिलाने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के बाद उसने करीब डेढ़ लाख रुपये लिए और मान्यता का प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया।
फर्जी निकले प्रमाणपत्र और वेबसाइट
कुछ समय बाद कॉलेज प्रबंधन को जानकारी मिली कि मान्यता प्रमाणपत्र और उससे संबंधित वेबसाइट दोनों फर्जी हैं। आरोप है कि इसके बावजूद विनोद यादव के निर्देश पर वर्ष 2018 से 2022 तक कॉलेज में प्रवेश, शिक्षण, परीक्षा और अन्य औपचारिकताएं कराई जाती रहीं। इस दौरान विभिन्न मदों में लगातार धनराशि ली जाती रही।
बैंक खाते में भेजे गए ₹29.78 लाख
प्रबंधक के अनुसार 20 सितंबर 2018 से 9 फरवरी 2022 के बीच कॉलेज के पंजाब नेशनल बैंक खाते से आरोपी के एक्सिस बैंक खाते में 29 लाख 78 हजार रुपये स्थानांतरित किए गए। प्रारंभिक भुगतान सहित कुल 31 लाख 28 हजार रुपये की धोखाधड़ी होने का आरोप लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button