गोविंद साहब में 7 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी का दौरा

प्रशासन ने तैयारियों में झोंकी पूरी ताकत

  • डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण, हेलीपैड, जनसभा स्थल, सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की परखी तैयारी

अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 अगस्त को प्रस्तावित गोविंद साहब दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने गोविंद साहब पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान हेलीपैड से लेकर जनसभा स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और यातायात प्रबंधन तक हर व्यवस्था की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, बैरिकेडिंग, मंच, वीआईपी मार्ग और आम लोगों के प्रवेश व निकास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित विभागों को सभी कार्य तय समय के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।

हेलीपैड से मंच तक हर व्यवस्था पर प्रशासन की नजर

निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल से करीब 300 मीटर दूर बनाए जा रहे हेलीपैड का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति देखी और शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। जनसभा स्थल पर बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और आवागमन मार्ग को भी अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

लोक निर्माण विभाग को कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले सभी मार्गों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं बिजली विभाग को विद्युत आपूर्ति और लाइन संबंधी सभी कार्य समय पर पूरा करने को कहा गया।

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन रहेगा प्राथमिकता

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का अलग से निरीक्षण किया। उन्होंने बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और यातायात संचालन की तैयारियों की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे और श्रद्धालुओं व आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button