राशन दुकानदारों के लाभांश में बढ़ोतरी, अब हर कुंतल पर मिलेंगे 125 रुपये

90 से बढ़कर 125 रुपये हुआ लाभांश; ई-पॉस से फीडबैक की नई व्यवस्था लागू, अंबेडकरनगर के 1,122 उचित दर विक्रेताओं को मिलेगा सीधा लाभ

अंबेडकरनगर। उचित दर विक्रेताओं के लिए सोमवार को बड़ी राहत वाली घोषणा हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोकभवन से प्रदेशभर के उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में बढ़ोतरी की व्यवस्था का शुभारंभ किया। अब राशन दुकानदारों को प्रति कुंतल 90 रुपये के बजाय 125 रुपये लाभांश मिलेगा।

इसके साथ ही राशन वितरण व्यवस्था में सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली की शुरुआत की गई। नई व्यवस्था का उद्देश्य वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना है।

कलेक्ट्रेट में जुटे राशन दुकानदार, देखा सीधा प्रसारण

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण अंबेडकरनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। यहां जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल, जिला पूर्ति अधिकारी और बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन के साथ अन्य जनप्रतिनिधियों की बात भी सजीव प्रसारण के माध्यम से सुनी गई। लाभांश बढ़ाए जाने की घोषणा के बाद मौजूद उचित दर विक्रेताओं को बधाई दी गई।

अब ई-पॉस से दर्ज होगा फीडबैक

सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली भी शुरू की गई है। इसके माध्यम से राशन वितरण से जुड़ा फीडबैक डिजिटल तरीके से दर्ज किया जा सकेगा।

जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा ने लाभांश बढ़ाने के निर्णय पर उचित दर विक्रेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा मिलेगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल ने भी उचित दर विक्रेताओं को बढ़े हुए लाभांश की बधाई दी। उन्होंने राशन कार्डधारकों के साथ बेहतर व्यवहार और अपने दायित्वों के सही ढंग से निर्वहन पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button