बारिश का कहर: दिल्ली-NCR जलमग्न, उत्तराखंड-यूपी में बाढ़ का संकट

दिल्ली में युवक नाले में बहा, उत्तराखंड में छह नदियां खतरे के निशान पर, असम में बाढ़ से 97 मौतें

  • दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश से जलभराव और लंबा जाम
  • द्वारका में युवक खुले नाले में बहा, तलाश जारी
  • उत्तराखंड की छह नदियां खतरे के निशान पर

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। दिल्ली-एनसीआर में दो दिनों से जारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और भीषण जाम की स्थिति है। गुरुवार को द्वारका सेक्टर-25 में तेज बारिश के दौरान एक युवक खुले नाले में गिरकर तेज बहाव में बह गया। करीब सात घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।

उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते अलकनंदा, मंदाकिनी, भागीरथी समेत छह नदियां खतरे के निशान पर बह रही हैं। हरिद्वार और ऋषिकेश में कई घाट और मंदिर जलमग्न हो गए हैं। रुद्रप्रयाग में स्कूल बंद कर दिए गए हैं, जबकि राज्य की 132 सड़कें और बद्रीनाथ, गंगोत्री तथा यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिए गए हैं।

उत्तर प्रदेश में भी बारिश और बाढ़ का असर लगातार बढ़ रहा है। फर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। जिले के 33 गांवों और 40 सरकारी स्कूलों में बाढ़ का पानी घुस गया है। वहीं बलिया में पिछले एक सप्ताह के दौरान सरयू नदी के कटान से 27 घर नदी में समा चुके हैं।

उधर, असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। दो और लोगों की मौत के बाद राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 97 हो गई है। 15 जिलों के 1.68 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। गोलाघाट, शिवसागर और जोरहाट सबसे अधिक प्रभावित जिलों में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button