लखनऊ। लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुभम सोनी देर रात घर के बाहर अचेत अवस्था में मिला था। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने दोस्तों पर घर से बुलाकर ले जाने और मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मामा कॉलोनी, फैजुल्लागंज निवासी शुभम सोनी (26) पुत्र प्रेम कुमार सोनी ड्राइवरी करता था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 7 बजे वह दोस्तों के बुलाने पर घर से गया था। देर रात शुभम घर के बाहर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुभम की मां मालती का आरोप है कि शिवम, सुमित और मथुरा उसे घर से बुलाकर ले गए थे। आरोप है कि दोस्तों ने पहले उसे शराब पिलाई और फिर उसके साथ मारपीट की। बाद में घायल अवस्था में उसे घर के बाहर छोड़ दिया गया। परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात भी कही है।
पुलिस के मुताबिक, शुभम के भाई शिवम की शिकायत पर सुमित और उसके पिता मथुरा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









