लखनऊ। समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज और भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की शादी 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में होगी। शादी समारोह में देशभर से करीब 2 हजार मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए राजनीति, क्रिकेट और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों को निमंत्रण भेजा गया है।
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, शादी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी को आमंत्रित किया गया है। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को भी शादी का न्योता भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
3 दिसंबर से शुरू होंगी शादी की रस्में
दोनों परिवार शादी से एक दिन पहले यानी 3 दिसंबर को ही रमाडा होटल पहुंच जाएंगे। शादी से जुड़े ज्यादातर कार्यक्रम इसी होटल में आयोजित किए जाएंगे। इनमें मेहंदी, पूजा और अन्य पारंपरिक रस्में शामिल होंगी।
शादी समारोह में करीब 2 हजार मेहमानों के शामिल होने की तैयारी है। राजनीतिक और फिल्मी हस्तियों के अलावा क्रिकेट जगत से भी कई मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है।
जयमाल में पिंडरा की ज्वेलरी पहनेंगी प्रिया सरोज
शादी के दौरान प्रिया सरोज के पहनावे को लेकर भी खास तैयारी की गई है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, वह जयमाल के दौरान अपने लोकल मार्केट पिंडरा की ज्वेलरी पहनेंगी। इसके साथ ही लहंगे के रंग और डिजाइन के अनुरूप आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी उनके लुक का हिस्सा होगी।









